Posted by rajusingh in
कॉकटेल
January 06, 2017
अरे भाई तो इत्ता चिल्ला क्यूं रहे हैं। आप सिर्फ इतना ही न जानना चाहते हैं कि आखिर आपके शर्ट की बटन दाहिने तरफ है तो फिर महिलाओं के शर्ट की बटन बाएं तरफ कैसे ...तो चलिए आराम से जवाब सुनिए। हां, तो बात यह है कि काफी पहले की कुछ मान्यताएं इसके पीछे हैं। अरे भाई सुन भी लीजिए। फिर कुछ पूछिएगा। तो हम बता रहे थे कि पहले की मान्यताओं के मुताबिक उस समय में पुरुष अपने कपड़े खुद ही पहनते थे लेकिन महिलाओं के साथ ऐसा नहीं था। महिलाएं खुद कपड़े नहीं पहनती थी, उन्हें कोई और कपड़े पहनाता था। उस समय अधिकांश लोग दाहिने हाथ से काम करते थे। इसलिए सामने खड़े होकर बटन लगाने में कोई परेशानी न हो इसलिए महिलाओं के कपड़ों में बटन बाईं ओर लगाए जाते थे। एक तर्क यह भी है कि पहले के समय में पुरुष अपने दाएं हाथ में तलवार रखते थे और महिलाएं बाएं हाथ में बच्चे रखती थी। इसलिए पुरुषों को बटन बंद करने या खोलने के लिए बाएं हाथ का उपयोग करना होता था। इसलिए उनके शर्ट के बटन दाईं तरफ होते हैं। वहीं महिलाओं के साथ यह उलट था इसलिए उनके कपड़ें में बाईं तरफ बटन होते हैं। कुछ अन्य तथ्यों में कहा जाता है कि महिलाओं के कपड़ों में बटन बाईं ओर लगाने का आदेश नेपोलियन बोनापार्ट ने दिया था। इसके पीछे तर्क दिया जाता है कि नेपोलियन हमेशा शर्ट में अपना एक हाथ डालकर रखते थे और महिलाओं ने उनका मजाक बनाने के लिए उनकी कॉपी की। जब नेपोलियन को इस बात की खबर लगी तो उन्होंने महिलाओं को इससे रोकने के लिए उनके शर्ट में बाईं तरफ बटन लागने के आदेश दिए।