सोचिए उस एक्टर की किस्मत कैसी होगी जो पहली ही फिल्म से रातों रात करोड़ों दिलों पर राज करने लगे। जिसकी पहली फिल्म छह महीने तक हाऊसफुल चले। जिसकी पहली ही फिल्म के बाद ऑटोग्राफ के लिए लंबी लाइन लग जाए। जिसकी पहली ही फिल्म के बाद लड़कियां पागलों की तरह दिवानी हो जाएं। जो बिग बॉस के भी पहले ही सीजन का विनर बन जाए। लेकिन उसके बावजूद उसके सितारे यूं गर्दिश में डूब जाएं कि उसे सी ग्रेड फिल्में करने को मजबूर होना पड़े। तो आप क्या कहेंगे ?

जी हां, आशिकी फिल्म के जरिए रातों रात मेगा सुपरस्टार बनने वाले राहुल रॉय की यही कहानी है। उनकी किस्मत की यही कहानी है। पहली फिल्म के बाद से कभी किस्मत ने राहुल का साथ नहीं दिया। वरना वो आज उस बुलंदी पर होते जहां बड़े बड़े सितारे भी नहीं पहुंचे होंगे।
पर, राहुल की किस्मत ने साथ नहीं दिया। आशिकी के बाद उनका करिअर पटरी से उतरा तो फिर कभी पटरी पर नहीं चढ़ पाया। आपको बता दें कि आशिकी फिल्म महेश भट्ट ने राहुल रॉय को दी थी और उन्हें स्टार बना दिया था।
कनाडा में पढ़ाई की बाद में शुरू की मॉडलिंग
राहुल रॉय ने कनाडा में पढाई की है। और उसके बाद दिल्ली में ग्रेजुएशन किया और मॉडलिंग शुरू की। जानकारी के मुताबिक राहुल बिजनेस फैमिली से हैं और उनकी मां लेखक। एक आर्टिकल के दौरान ही महेश भट्ट उनकी मां से मिलने पहुंचे थे और घर में लगी राहुल की तस्वीर देखकर उन्होंने राहुल के बारे में पूछा और यहीं से राहुल की फिल्मी लाइन की शुरुआत होती है।
बिग बॉस सीजन 1 के विनर पर नहीं लौटी किस्मत

बॉलीवुड में काम नहीं बना तो रियलिटी शो बिग बॉस के जरिए राहुल रॉय ने किस्मत आजमाने की कोशिश की और बिग बॉस सीजन वन के विनर भी रहे लेकिन बात नहीं बनी। बाद में उन्हें भोजपुरी फिल्मों तक में अपना भाग्य आजमाना पड़ा लेकिन वे वहां भी असफल हुए।
