ऐसा लगता है कि आम आदमी पार्टी का विवादों से गहरा नाता हो। हर रोज पार्टी के साथ कोई न कोई विवाद सामने आ जाता है। और पार्टी उस पर सफाई देने के क्रम में फिर से विवादों में घिर जाती है। पुराने विवादों से ये पार्टी बच नहीं पाती कि फिर नया विवाद खड़ा हो जाता है। अब देखिए इस पार्टी के लिए एक और विवाद खड़ा हो गया है।
दरअसल, इस बार ये मामला एक फर्जी खत का है। बताया जा रहा है कि इस लेटर पर आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी संजय सिंह के कथित तौर पर साइन भी है। इसमें लिखा गया है कि आगामी पंजाब चुनाव को लेकर आए सर्वे में स्थिति हमारे अनुकूल नहीं है। कांग्रेस 69 सीटों पर कब्जा जमाए बैठी है और 11 सीटों पर वो बढ़ रही है। इसलिए कहा गया है कि रैलियां कम हो जाएं। स्थानीय नेताओं को आगे बढ़ा दिया जाए। इससे सरकार बनाने में असफल भी होते हैं तो इसके जरिए फासला बनाया जा सकता है और 2019 की रणनीति के लिए यह जरूरी है। इस पूरे लेटर को अरविंद केजरीवाल के लिए लिखा गया है।
अब यहीं से विवाद शुरू हो गया है। कहा जा रहा है कि क्या आप ने पहले ही भांप लिया कि पंजाब हार जाएंगे और इसलिए इस तरह का लेटर लिखा गया है। उधर, संजय सिंह ने ट्विट करके इसे फर्जी बताया है और कहा है कि मेरा हस्ताक्षर बिल्कुल अलग है ये फर्जी लेटर है। उन्होंने इसके लिए रणनीतिकार प्रशांत किशोर को जिम्मेदार बताया है।